15 जुलाई को IRCTC की नई वेबसाइट होगी लॉन्च, बुकिंग करना होगा आसान

ट्रेन से सफर करने वाले करोड़ों यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) 15 जुलाई 2026 को अपनी नई और अपग्रेडेड वेबसाइट लॉन्च करने जा रहा है. रेलवे मंत्रालय का कहना है कि इस बदलाव का मकसद टिकट बुकिंग को पहले से ज्यादा तेज, आसान और भरोसेमंद बनाना है. खास बात यह है कि नई वेबसाइट में उन सभी परेशानियों को दूर करने की कोशिश की गई है, जिनकी शिकायत यात्री लंबे समय से करते आ रहे हैं.

वेबसाइट की स्पीड नहीं होगी धीमी
IRCTC की मौजूदा वेबसाइट पर टिकट बुकिंग के दौरान धीमी स्पीड, सर्वर डाउन और जटिल कैप्चा जैसी दिक्कते अक्सर सामने आती हैं. सबसे ज्यादा परेशानी तत्काल टिकट बुकिंग और पीक ऑवर्स के दौरान होती है, जब लाखों लोग एक साथ टिकट बुक करने की कोशिश करते हैं.

नई वेबसाइट में सिस्टम की प्रतिक्रिया क्षमता यानी रिस्पॉन्स कैपेसिटी (Response Capacity) को कई गुना बढ़ाया जा रहा है, ताकि ज्यादा ट्रैफिक आने पर भी वेबसाइट बिना क्रैश हुए काम कर सके. रेलवे का दावा है कि इससे टिकट बुकिंग का एक्सपीरिएंस पहले से काफी बेहतर होगा.

नई IRCTC वेबसाइट में क्या-क्या बदलाव?
रेलवे मंत्रालय के अनुसार नई वेबसाइट में सबसे बड़ा बदलाव यूजर इंटरफेस (UI) में किया जा रहा है.

वेबसाइट को पहले से ज्यादा यूजर-फ्रेंडली बनाया जाएगा, ताकि पहली बार इस्तेमाल करने वाले यात्रियों को भी टिकट बुक करने में आसानी हो.

वेबसाइट की तकनीकी क्षमता को मजबूत किया जा रहा है, जिससे भारी ट्रैफिक के दौरान भी सिस्टम सह तरीके से काम कर सके.

तत्काल टिकट बुकिंग को बनाया आसान
नई वेबसाइट का एक बड़ा फोकस तत्काल टिकट बुकिंग को आसान बनाना है. रेलवे का कहना है कि सुबह के व्यस्त समय और पीक ऑवर्स में सर्वर पर पड़ने वाले अतिरिक्त दबाव को संभालने के लिए बैकएंड इंफ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेड किया जा रहा है. इससे यात्रियों को टिकट बुकिंग के दौरान कम परेशानी का सामना करना पड़ेगा.

कैप्चा से मिलेगी राहत, PNR और रिफंड जानकारी भी होगी आसान
नई वेबसाइट में जटिल कैप्चा सिस्टम को आसान बनाया जाएगा या फिर कई मामलों में हटाया भी जा सकता है. इससे यात्रियों का समय बचेगा और टिकट बुकिंग की प्रक्रिया तेज होगी.

इसके साथ ही PNR स्टेटस चेक करना, रिफंड की जानकारी देखना और दूसरी यात्री सेवाओं तक पहुंचना भी पहले की तुलना में ज्यादा आसान और तेज हो जाएगा.

यात्रियों को होगा सीधा फायदा
सरकार का कहना है कि यह कदम डिजिटल सर्विस को बेहतर बनाने और आम लोगों के लिए ‘ईज ऑफ लिविंग’ बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा प्रयास है.नई वेबसाइट इसका फायदा देशभर के करोड़ों रेल यात्रियों को मिलने की उम्मीद है, जो हर दिन IRCTC के जरिए टिकट बुक करते हैं.

छात्रा की शिकायत के बाद बड़ा बदलाव
इस बदलाव की शुरुआत जयपुर स्थित मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT Jaipur) में आयोजित एक संवाद कार्यक्रम से हुई. इस दौरान इंजीनियरिंग छात्रा लाभिषा मीणा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सामने IRCTC वेबसाइट की तकनीकी परेशानियों का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि वेबसाइट की धीमी स्पीड और बार-बार आने वाले कैप्चा की वजह से आम यात्रियों को टिकट बुक करने में काफी दिक्कत होती है. खासकर तत्काल टिकट बुकिंग के समय सर्वर पर लोड बढ़ने से लोग टिकट लेने से चूक जाते हैं.

रेल मंत्री ने दिए सुधार के निर्देश
छात्रा की शिकायत सुनने के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसे गंभीरता से लिया. उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि अगले 30 दिनों के भीतर IRCTC के डिजिटल प्लेटफॉर्म में बड़े स्तर पर सुधार किए जाएं और यूजर एक्सपीरियंस को बेहतर बनाया जाए. इसके बाद रेलवे प्रशासन तुरंत एक्टिव हुआ और वेबसाइट को नए अंदाज में तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया.

रेल मंत्री के निर्देश के बाद रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने लाभिषा मीणा के साथ विशेष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की.इस दौरान अधिकारियों ने नई वेबसाइट का प्रोटोटाइप छात्रा के साथ साझा किया. साथ ही उनकी प्रतिक्रिया, तकनीकी सुझाव और फीडबैक भी लिया गया, ताकि अंतिम प्लेटफॉर्म को यात्रियों की जरूरतों के हिसाब से बेहतर बनाया जा सके.

Scroll to Top