जयपुर के शहीद स्मारक पर रविवार को उस समय अचानक हंगामे की स्थिति बन गई, जब कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके सभा स्थल पर पहुंचे और प्रवेश के दौरान एक अज्ञात युवक ने कथित रूप से उन्हें थप्पड़ मार दिया. घटना इतनी तेजी से हुई कि वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही युवक मौके से फरार हो गया. देखते ही देखते सभा स्थल पर मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों में नाराजगी फैल गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया.
बताया जा रहा है कि कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से शहीद स्मारक पर प्रदर्शन आयोजित किया गया था. इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पार्टी संस्थापक अभिजीत दिपके पहुंचे थे. जैसे ही वे सभा स्थल में प्रवेश कर रहे थे, उसी दौरान एक युवक उनके करीब आया और उन्हें थप्पड़ मारकर वहां से भाग निकला. घटना के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई. वीडियो में दिख रहा है कि कार्यकर्ताओं ने युवक को पकड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन वह भीड़ का फायदा उठाकर निकल गया.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि थप्पड़ मारने वाला युवक कौन था और उसका उद्देश्य क्या था. सभा स्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है. साथ ही वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके. मामले की जांच जारी है और युवक की तलाश की जा रही है. दूसरी ओर, इस घटना ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा छेड़ दी है. एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान पार्टी संस्थापक के साथ हुई इस घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं.