जनतंत्र डेस्क Singhu Border: किसान आंदोलन के पन्नों में अब अपराध का अध्याय भी जुड़ता जा रहा है। एक लोकतांत्रिक देश में अपने हक के लिए आवाज बुलंद करना सबका अधिकार है, लेकिन किसान आंदोलन में एक के बाद एक कई घटनाएं बड़े सवाल खड़े कर रही हैं। सिंघु बॉर्डर पर किसान व्यापक रूप से आंदोलन कर रहे हैं। यहां किसानों का प्रदर्शन एक साल से जारी है। हाल ही में इसी सिंघु बॉर्डर पर किसान आंदोलन के मंच के पास एक युवक की बर्बर हत्या कर दी गई थी। मामला अभी शांत ही हुआ था कि अब एक और घटना सामने आ रही है। यहां निहंग सिख ने मुर्गीपालन करने वाले के साथ मारपीट की। ये वहीं निहंग सिख हैं, जिनके एक सदस्य ने सिंघु बॉर्डर पर हुए लखबीर हत्याकांड में सरेंडर किया है।
हरियाणा के सोनीपत जिले के सिंघु बॉर्डर पर अब फिर नया विवाद सामने आया है। यहां किसान आंदोलन में शामिल निहंग सिख ने कुंडली बॉर्डर के पास मुर्गा सप्लाई करने वाले मजदूर से मारपीट की। बताया जा रहा है निहंग ने मजदूर से मुर्गा मांगा था, जब मजदूर ने मुर्गा देने से इनकार कर दिया तो निहंग ने लाठी से पीट-पीटकर उसकी टांग तोड़ दी। आरोपी का नाम नवीन संधू बताया जा रहा है। जो निहंग बाबा अमन सिंह के दल का है। सोनीपत के कुंडली थाने की पुलिस ने निहंग नवीन संधू को हिरासत में ले लिया। पीड़ित मजदूर का नाम मनोज पासवान है। वह बिहार का रहने वाला है।
Singhu Border: किसानों की मदद से आरोपी को पकड़ा
मनोज पासवान कुंडली बॉर्डर पर चिकन शॉप चलाने वाले सत्यवान के पास काम करता है। सत्यवान ने बताया कि उनका कुंडली और आसपास के गांवों में मुर्गे सप्लाई का बिजनेस है। मनोज ही 15-16 साल से गांवों में मुर्गों की सप्लाई करता है। गुरुवार को भी वह रूटीन की तरह दुकान से मुर्गें लेकर अपने रिक्शा पर निकला तो रास्ते में निहंग ने उसे रोक लिया और पीट दिया। जानकारी मिलने के बाद सत्यवान घटनास्थल पहुंचे और किसानोंं की मदद से आरोपी नवीन संधू को पकड़ा।