US Protest Againt Donald Trump : अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों के खिलाफ बड़े स्तर पर प्रदर्शन हो रहा है। जनता की बढ़ती नाराजगी अब सड़कों पर उतर आई है। शनिवार (19 अप्रैल) को लोगों ने घर से बाहर निकलकर सड़कों पर रैलियां और मार्च निकाले। लोग लगातार ट्रंप सरकार और उसकी नीतियों का विरोध कर रहे हैं। न्यूयॉर्क, वॉशिंगटन और शिकागो जैसे बड़े शहरों में भी प्रदर्शन हुआ, लेकिन वहां भीड़ कुछ कम थी।
ट्रंप के खिलाफ गुस्से में अमेरिकी
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, पूरे देश में करीब 400 रैलियों की योजना ट्रंप के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए बनाई गई थी। प्रदर्शनकारियों ने संघीय नौकरियों में कटौती, आर्थिक नीतियों और नागरिक स्वतंत्रता जैसे मामलों पर खुलकर प्रदर्शन कर सरकार को चुनौती दी। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति ट्रंप पर आरोप लगाया कि वह कानून को कमजोर करने के लिए काम कर रहे हैं। डोनाल्ड ट्रंप के 20 जनवरी को राष्ट्रपति बनने के बाद उनके खिलाफ यह चौथा बड़ा प्रदर्शन हो रहा है। इससे पहले 17 फरवरी को ‘नौ किंग्स डे’ प्रोटेस्ट हुआ था।
हजारों की संख्या में सड़कों पर उतरे लोग
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि ट्रंप सरकार के तानाशाही रवैये को देखते हुए देश के लोकतंत्र बचाया जाना चाहिए। यह आंदोलन शांतिपूर्ण आंदोलन है और किसी को नुकसान पहुंचाने के लिए नहीं है। इसका मकसद देश को जोड़ना और संविधान की रक्षा करना है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार के खिलाफ प्रदर्शन के कई कारणों का खुलासा हुआ है। ट्रंप की टैरिफ नीतियों से अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ा है। जिसकी वजह से शेयर बाजार भी लगातार नीचे खिसकता जा रहा है। कुछ लोग राष्ट्रपति ट्रंप और एलन मस्क की नीतियों को देश के लिए खतरा माना गया है। जिससे समाज में आसंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है।