Morocco Earthquake: मोरक्को में 6.8 तीव्रता का तेज़ भूकंप
मोरक्को स्थित मराकेश के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में बीते शुक्रवार को देर रात 6.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से लोग दहशत में हैं। देश के आंतरिक मंत्रालय का कहना है कि, मध्य मोरक्को में 6.8 तीव्रता का तेज़ भूकंप आया है, जिसमें कम से कम 820 लोग मारे गए हैं।
Morocco Earthquake: 600 से अधिक लोग घायल
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने कहा कि, भूकंप का केंद्र मराकेश से 71 किमी दक्षिण-पश्चिम में हाई एटलस पर्वत में 18.5 किमी की गहराई पर था। बता दें कि, भूकंप शुक्रवार को स्थानीय समयानुसार 23:11 बजे आया। इसके 19 मिनट बाद 4.9 तीव्रता का झटका आया। तो वहीं आंतरिक मंत्रालय ने कहा, मराकेश और दक्षिण के कई इलाकों में लोग मारे गए। आंतरिक मंत्रालय ने ये भी कहा कि, भूकंप ने अल-हौज़, मराकेश, उआरजाजेट, अजीलाल, चिचौआ और तरौदंत प्रांतों और नगर पालिकाओं जैसे इलाके में लोगों की जान ले ली, साथ ही 600 से अधिक लोग घायल हो गए।
Morocco Earthquake: घरों में वापस न जाने की चेतावनी दी
बता दें कि, कई लोगों ने रात बाहर खुले में बिताई क्योंकि मोरक्को सरकार ने उन्हें भूकंप के कारण अपने घरों में वापस न जाने की चेतावनी दी थी। मराकेश के अस्पतालों में घायल लोगों की भीड़ देखी गई है । शहर में अपने घरों के मलबे के नीचे परिवारों के फंसे होने और यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल मदीना के कुछ हिस्सों को नुकसान पहुंचने की भी खबरें हैं। एक निवासी ने ये भी बताया कि कुछ इमारतें ढह गई हैं। एक्स पर कई क्लिप में इमारतों को ढहते हुए दिखाया गया है।