नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में बुधवार को जमीनी विवाद में 10 लोगों की मौत हो गई थी और 28 लोग घायल भी हुए थे। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार को वाराणसी के बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचीं और घायलों से मुलाकात कर उनसे हालचाल जाना।
घायलों का हालचाल जानने के लिए प्रियंका गांधी सोनभद्र की ओर रवाना हुईं, लेकिन उनके काफिले को नारायणपुर पुलिस स्टेशन के पास रोक लिया गया। इसके बाद प्रियंका गांधी धरने पर बैठ गईं। प्रियंका गांधी ने कहा कि वह पीड़ित परिवारों से मिलकर ही जाएंगी।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार
सोनभद्र हत्याकांड मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी ग्राम प्रधान यज्ञ दत्त और उनके भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभी तक इस मामले में कुल 26 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।