बॉलीवुड एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनौत इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ को लेकर जबरदस्त चर्चा में हैं। यह फिल्म 12 जून को देश भर के सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। रिलीज से ठीक पहले दिल्ली में आयोजित एक ग्रैंड स्पेशल स्क्रीनिंग के दौरान फिल्म को एक बड़ी कामयाबी मिली है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने फिल्म की संवेदनशीलता और राष्ट्रभक्ति की भावना को देखते हुए इसे राष्ट्रीय राजधानी में ‘टैक्स फ्री’ घोषित कर दिया है। मुख्यमंत्री के इस फैसले के बाद आम दर्शकों के लिए थिएटर्स में यह फिल्म देखना काफी किफायती हो जाएगा।
बीते दिन मंगलवार को दिल्ली के एक पीवीआर में फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की एक विशेष स्क्रीनिंग रखी गई थी। इस रेड कार्पेट इवेंट में फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गजों के अलावा कई राजनीतिक हस्तियां भी शामिल हुईं। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने फिल्म देखने के बाद इसकी जमकर सराहना की।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर फिल्म की टीम के साथ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि यह फिल्म उन डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्य कर्मियों के सेवा भाव और समर्पण को दिखाती है, जिन्होंने संकट के समय मानवता की रक्षा की।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्ट्रेस की तारीफ करते हुए कहा, कंगना रनौत संसद में भी और बड़े पर्दे पर भी देश के मुद्दों के लिए एक मजबूत आवाज हैं। देशभक्ति और सेवा सिर्फ वर्दी तक सीमित नहीं होती, बल्कि हर नागरिक के भीतर होती है। देश के आम नागरिक ही असली ‘भारत भाग्य विधाता’ हैं।
कंगना रनौत ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का जताया आभार
फिल्म को रिलीज से पहले ही टैक्स फ्री किए जाने पर कंगना रनौत ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है। कंगना ने कहा कि ‘दीदी’ (रेखा गुप्ता) का यह कदम हमारी पूरी टीम के लिए एक बहुत बड़ी प्रेरणा है। जिस तरह से मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण और देश की बेटियों को प्रोत्साहित किया है, वह बेहद सराहनीय है। कंगना ने भावुक होते हुए कहा कि वह इस सहयोग के लिए हमेशा मुख्यमंत्री की आभारी रहेंगी।
क्या है ‘भारत भाग्य विधाता’ की कहानी?
मनोज तापड़िया द्वारा लिखित और निर्देशित यह फिल्म 2008 के मुंबई आतंकवादी हमलों (26/11) की एक ऐसी दास्तां पर आधारित है, जो इतिहास के पन्नों में कहीं ओझल हो गई थी। फिल्म बंदूक और हिंसा से इतर ‘इंसानियत और हौसले’ की कहानी कहती है। फिल्म में मुंबई के कामा हॉस्पिटल की उस घटना को दर्शाया गया है, जहां आतंकवादियों के हमले के बीच अस्पताल के स्टाफ ने सूझबूझ दिखाई।
यह कहानी उन 15 नर्सों, वार्ड बॉय, सफाई कर्मचारियों, लिफ्ट ऑपरेटरों और सुरक्षाकर्मियों को समर्पित है, जिन्होंने अपनी परवाह न करते हुए 400 से अधिक मरीजों की जान बचाई थी। फिल्म में कंगना रनौत खुद एक स्टाफ नर्स की मुख्य भूमिका निभा रही हैं, जो संकट के समय अस्पताल के भीतर मोर्चा संभालती हैं।
‘भारत भाग्य विधाता’ को डॉ. जयंतीलाल गडा की ‘पेन स्टूडियोज’ प्रस्तुत कर रही है। फिल्म का निर्माण मणिकर्णिका फिल्म्स, परमहंस क्रिएशंस, यूनोइया फिल्म्स और फ्लोटिंग रॉक्स एंटरटेनमेंट ने मिलकर किया है। फिल्म में कंगना रनौत के साथ गिरिजा ओक, स्मिता तांबे, अमृता नामदेव, ईशा डे, प्रिया बेर्डे, आशा शेलार, सुहिता थट्टे और रसिका आघासे जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।