Haryana: हरियाणा में एक बड़ी घटना हुई है, दरअसल इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी के काफिले पर कार सवार बदमाशों ने गोलाबारी कर दी, वो बराही गांव से बहादुरगढ़ आ रहे थे। इस घटना में प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी और जय किशन दलाल का निधन हो गया है। जबकि चार लोग घायल बताए जा रहे हैं। बता दें कि बदमाश आई-20 कार में सवार थे।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किया पोस्ट
हरियाणा में इनेलो प्रदेश अध्यक्ष श्री नफे सिंह राठी जी की गोली मार कर हत्या करने का समाचार बेहद दुःखद है। यह प्रदेश की कानून व्यवस्था को दर्शाता है। इस घटना ने स्पष्ट कर दिया कि कानून व्यवस्था का दिवाला पिट चुका है। प्रदेश में आज कोई भी अपने आपको सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहा है। दिवंगत आत्मा को मेरी श्रद्धांजलि व परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि परिवारजनों को यह कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। हमले में घायल हुए सुरक्षाकर्मियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।
एसपी अर्पित जैन ने क्या कहा
तो वहीं झज्जर के एसपी अर्पित जैन ने कहा कि हमें फायरिंग की एक घटना की सूचना मिली थी। सीआईए और एसटीएफ की टीमें काम कर रही हैं। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जांच लगातार जारी है।