जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: मधुर आवाज की धनी लता मंगेशकर हमारे बीच नहीं रही। 92 साल की उम्र में उन्होंने मुंबई के बीच कैंडी अस्पताल में आखिरी सांस ली। लता मंगेशकर के निधन पर देश में शोक की लहर है। महान गायिका के निधन पर कई नामचीन हस्तियां ने शोक जताया।
‘भारत रत्न’ लता मंगेशकर के निधन पर पूरा देश दुखी है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत देश की कई बड़ी हस्तियों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त किया और श्रद्धांजलि दी है।
अभिनेत्री भूमि पेडनेकर ने ट्विटर पर लिखा, ‘’एक बहुत ही दुखद दिन और हम सभी के लिए, उनके प्रशंसकों के लिए एक बड़ी क्षति,आपका योगदान हमेशा जिंदा रहेगा। परिवार और दुनियाभर में उनके सभी प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।”
भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली ने लिखा है, ‘’लता जी के निधन के बारे में सुनकर गहरा दुख पहुंचा है। उनके मधुर गीतों ने दुनियाभर में लाखों लोगों के दिल को छुआ। सभी संगीत और यादों के लिए धन्यवाद, परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना।‘’
अभिनेता मनोज वाजपेयी ने लिखा,‘’संगीत की दुनिया का एक सुनहरा युग वास्तव में समाप्त हो गया है। लता जी आपको हममें से लाखों और हमारे बाद आने वाली पीढ़ियां भी याद करेंगीं।‘’
अभिनेता आदिल हुसैन ने ट्विट किया, “लता जी के प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है और उन लाखों लोगों के लिए जो आज शोक में डूबे हैं,जिन्होंने हमें अपनी कला से मंत्रमुग्ध कर दिया। आपकी आत्मा को शांति मिले लता जी, जल्दी ही आपको गीतों को हम यहां-वहां सुनेंगे।”
अभिनेता धमेंद्र ने लता मांगेश्कर के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा,‘’ सारा संसार दु:खी है। विश्वास नहीं होता कि आप हमें छोड़कर चली गईं। हम आपको याद करेंगे लता जी, आपकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना।’’
इसराइल ने भी लता मंगेशकर के निधन पर शोक जताया है। भारत में इसराइली दूतावास के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर शोक जताया है। ट्वीट में कहा गया है, ‘’भारत की स्वर कोकिला लता मंगेशकर जी के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। संगीत में उनके योगदान और उनकी आवाज को हमेशा याद किया जाएगा। ‘’
‘’हम शोक में भारत के लोगों के साथ हैं। ओम शांति’’