जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: हमलों के बीच भारत के हजारों नागरिक यूक्रेन में फंसे हैं। जिनमें से ज्यादातर छात्र हैं। भारत सरकार के ऑपरेशन गंगा मिशन के तहत भारतीय नागरिकों को यूक्रेन से निकालकर सुरक्षित देश लाया जा रहा है। इसमें पाकिस्तान, भारत की मदद कर रहा है। एअर इंडिया की फ्लाइट से छात्र भारत आ रहे हैं।
यूक्रेन पर रूस का अटैक जारी, ये जंग शरणार्थी संकट की आहट तो नहीं
एयर इंडिया के पायलट ने बताया कि यूक्रेन की गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी एक-दूसरे की मदद कर रहे हैं। भारतीय स्टूडेंट्स को रोमानिया और हंगरी के रास्ते भारत लाए जा रहे हैं। रोमानिया के बुखारेस्ट से एअर इंडिया की एक फ्लाइट AI-1942 रविवार को ही दिल्ली पहुंची। इस फ्लाइट को स्पेशल चार्टर्ड फ्लाइट के तौर पर संचालित किया गया था।
पाकिस्तान ने की मदद
पायलट ने बताया कि हमें रोमानिया से लेकर दिल्ली तक, तेहरान के रास्ते पाकिस्तान तक सभी ATC नेटवर्क ने सहयोग दिया। पाकिस्तान ने भी हमें बिना कारण पूछे ही सीधा हवाई रास्ता दिया। इससे समय भी बचा। हम रोमानिया के रास्ते उड़ान नहीं भरते, लेकिन ATC और सरकार के बीच अच्छा को-ऑर्डिनेशन रहा।
गौरतलब है कि आपरेशन गंगा के तहत अब तक कुल 709 छात्र यूक्रेन से रेस्क्यू किए गए हैं। 240 भारतीय नागरिकों ने हंगरी के बुडापेस्ट से भी उड़ान भरी है। इसके पहले शनिवार को रोमानिया से पहली फ्लाइट 219 भारतीय छात्रों को लेकर मुंबई पहुंची थी।