जनतंत्र डेस्क, हिमाचल प्रदेश: पश्चिमी विक्षोभ के चलते देश के कई राज्यों में ठंड बढ़ गई है। वहीं, कई जगह शीतलहर और हल्की बारिश भी हुई है। हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति जिले के काजा में बर्फबारी हुई है। बर्फबारी से जहां पर्यटकों में खुशी की लहर दौड़ गई तो स्थानीय लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
साल 2021 के आखिरी महीने दिसंबर के शुरूआत में ही ठंड बढ़ने लगी है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और हल्की बारिश का असर उत्तर भारत में भी देख जा रहा है। दिल्ली, यूपी समेत कई राज्यों में तापमान में गिरावट आई है। उधर हिमाचल प्रदेश में लाहौल स्पीति जिले के काजा में ताजा बर्फबारी हुई है। साथ ही कई इलाकों में हल्की बारिश भी हुई है। ठंड बढ़ने और बर्फबारी से हिमाचल पहुंचे पर्यटकों के चेहरे खिल गए। वे अब बर्फबारी का आनंद उठा रहे हैं।
लाहौत स्पीति के साथ साथ मनाली में भी कई जगह बर्फबारी हुई है। यहां घने काले बादल छाए हुए हैं। जिससे कई जगह तापमान माइनस में चला गया। मौसम विभाग ने घाटी में बारिश और बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही शीतलहर बढ़ गई है। प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार को बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी हुआ है। लाहौल और कुल्लू में न्यूनतम तापमान गिरने से झील, झरने और नाले जमना शुरू हो गए हैं।