Pop Francis Death News : भारत सरकार ने सोमवार, 21 अप्रेल को पोप फ्रांसिस के निधन पर उनके सम्मान में तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की। पोप फ्रांसिस का निधन सोमवार, 21 अप्रेल को हुआ था। वह 88 साल की उम्र में इस दुनिया को छोड़ कर चले गए।
सरकारी भवनों पर आधा झुका रहेगा राष्ट्र ध्वज
भारत के गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा,”पोप फ्रांसिस का 21 अप्रैल को निधन हो गया। उनके सम्मान में पूरे भारत में तीन दिवसीय राजकीय शोक रखा जा रहा है। 22 अप्रैलऔर 23 अप्रैल को दो दिन का राजकीय शोक रहेगा। वहीं उनके अंतिम संस्कार के दिन भी एक दिन का राजकिए शोक रहेगा। इस दौरान पूरे भारत में उन सभी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा जहां नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है। साथ ही देश में कोई भी मनोरंजन का कोई आधिकारिक कार्यक्रम आयोजित नहीं होगा।”
पीएम मोदी ने व्यक्त किया शोक
पीएम मोदी ने पोप फ्रांसिस के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए अपने एक्स अकाउंट पर लिखा “परमपावन पोप फ्रांसिस के निधन से गहरा दुख हुआ। दुःख और स्मरण की इस घड़ी में, वैश्विक कैथोलिक समुदाय के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। पोप फ्रांसिस को दुनिया भर के लाखों लोगों द्वारा हमेशा करुणा, विनम्रता और आध्यात्मिक साहस के प्रतीक के रूप में याद किया जाएगा। छोटी उम्र से ही उन्होंने खुद को प्रभु ईसा मसीह के आदर्शों को साकार करने के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने लगन से गरीबों और वंचितों की सेवा की। जो लोग पीड़ित थे, उनके लिए उन्होंने आशा की भावना जलाई। मैं उनके साथ अपनी मुलाकातों को याद करता हूं और समावेशी और सर्वांगीण विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से बहुत प्रेरित हुआ हूं। भारत के लोगों के प्रति उनका स्नेह सदैव संजोकर रखा जाएगा। उनकी आत्मा को ईश्वर के आलिंगन में शाश्वत शांति मिले।”
राहुल गांधी ने जताया दुख
वहीं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लिखा “करुणा, न्याय और शांति की वैश्विक आवाज परम पावन पोप फ्रांसिस के निधन पर गहरा दुख हुआ। वह दलितों और हाशिये पर पड़े लोगों के साथ खड़े रहे, असमानता के खिलाफ निडर होकर बात की और प्रेम और मानवता के अपने संदेश से विभिन्न धर्मों के लाखों लोगों को प्रेरित किया।मेरी संवेदनाएं भारत और दुनिया भर में कैथोलिक समुदाय के साथ हैं।”