Nagpur Violence News : महाराष्ट्र शिव सेना यूबीटी के प्रमुख उद्धव ठाकरे के अखबार सामना ने नागपुर हिंसा को लेकर भाजपा पर बड़ा निशाना साधा है। अखबार सामना के अनुसार, इस दंगे के पीछे बीजेपी के ही कुछ लोग हो सकते हैं जो मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को फंसाना चाहते हैं।
सामना ने उठाए कई मुद्दे
शिवसेना यूबीटी के पत्र में आगे लिखा “औरंगजेब 400 सालों से कब्र में आराम कर रहा है। नागपुर दंगा उस कब्र पर भड़काया गया। नागपुर का चुनाव दंगो के लिए किया गया। क्या मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को फंसाने की साजिश रची गई।” सामना के मुताबिक, नव हिंदुत्ववादियों की राजनीति में भाजपा के अपवित्र लोग खाद डालने का काम कर रहे हैं। यह महाराष्ट्र के लिए काफी बड़ा खतरा है।”
” देवेंद्र फडणवीस को फंसाने की कोशिश ” – सामना
सामना में आगे लिखा गया कि “खुद नेता दंगे कराते हैं, लेकिन उन नेताओं को अपने निर्वाचन क्षेत्र के आसपास दंगे नहीं चाहिए होते हैं, नागपुर के दंगों में मुख्यमंत्री फडणवीस की भूमिका है, यह मानने के लिए मैं तैयार नहीं हूं। इस मामले में देवेंद्र फडणवीस को फंसाने की कोशिश की जा रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के विधानसभा क्षेत्र में यह सब घटित हुआ।”
औरंगजेब की कब्र पर सियासत
महाराष्ट्र में नागपुर दंगों का असर हर रोज इलाकों में देखने को मिल रहा है। बता दें कि गुजरात के दाहोद में 3 नवंबर 1618 को औरंगजेब का जन्म हुआ था। उसने सबसे पहले दिल्ली पर कब्जा किया। उसके बाद वह दिल्ली से महाराष्ट्र में कब्जा करने आया। औरंगजेब की मृत्यु के बाद औरंगजेब को संभाजी नगर में दफनाया गया था। औरंगजेब की कई बेगम थीं, लेकिन हीराबाई से उसे प्रेम था. वह गुजरात की ही थी।