जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग को शुरू होने में महज दो दिन बचे हैं इससे पहले ही चेन्नई सुपरकिंग्स में बड़ा फेरबदल हो गया है। महेंद्र सिंह धोनी ने CSK की कप्तानी छोड़ दी है। धोनी 14 साल से बतौर कप्तान टीम को लीड कर रहे थे। उनकी जगह अब रविंद्र जडेजा को टीम का नया कप्तान बनाया गया है।
IPL के ठीक पहले CSK के कप्तान बदलने के फैसले ने सभी को चौंका दिया है। माही की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने 4 बार आईपीएल का खिताब जीता है। धोनी की कप्तानी में टीम ने 213 मैचों में से 130 में जीत दर्ज की। जबकि 6 मैचों की कप्तानी सुरेश रैना ने भी की थी। जिनमें से 2 ही मैच पर जीत हासिल हो सकी। महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल के सफलतम कप्तान में से एक हैं, ये ही वजह है कि 14 साल से CSK की कमान उनके हाथ में रही।
14 साल में ये पहला मौका है जब CSK ने कप्तान बदला है। हालांकि माही बतौर खिलाड़ी CSK में खेलते रहेंगे। धोनी, रविंद्र जडेजा समेत 4 खिलाड़ियों को इस बार फ्रेंचाइजी ने रिटेन किया था। जिसमें जडेजा को 16 करोड़ रुपए में रिटेन किया गया था। वहीं, धोनी को इस सीजन के लिए 12 करोड़ रुपए मिले थे। मोईन अली को 8 करोड़ और ऋतुराज गायकवाड़ को 6 करोड़ रुपए में फ्रेंचाइजी ने रिटेन किया था।