जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण का मतदान जारी है। यहां 16 जिलों की 59 सीटों पर मतदान हो रहे हैं। दोपहर 3 बजे तक यूपी में 49% वोट डाले गए हैं। शुरुआती घंटों में वोटर्स का जोश हाई रहा। बुजुर्ग और दिव्यांग भी अपने वोट के अधिकार का इस्तेमाल करने पहुंचे। वहीं, कानपुर में मतदान के दौरान हिजाब विवाद की मसला भी गर्माया।
पंजाब में एक शरीर के जुड़वां भाइयों ने डाला वोट तो यूपी में दुल्हन ने विदाई से पहले निभाया फर्ज
कानपुर के ही हडसन मतदान केंद्र पर हिजाब को लेकर विवाद बढ़ गया। यहां हिजाब पहनकर आई मुस्लिम महिलाओं को बूथ में जाने से रोका जा रहा था। पोल अधिकारियों से महिलाओं के विवाद के बाद पुलिस पहुंची और फिर विवाद निपटा। यहीं पर रावतपुर राम लला स्कूल में सपा प्रत्याशी सम्राट विकास के सामने बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जय श्रीराम के नारे लगाए। वहीं, कुछ जगह छोटी मोटी झड़प की खबरें भी सामनें आईं।
झांसी के सिमथरी में सपा और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत हो गई है। दोनों पक्षों में हिंसक संघर्ष हुआ है और कई कार्यकर्ताओं को गंभीर चोटें आई हैं।
तीसरे चरण के मतदान में दुल्हनें भी बूथ पर दिखीं, जो विदा होने से पहले वोट डालने आईं। तो कुछ दुल्हन के जोड़े में वोट डालने मतदान केंद्र पहुंची। सपा परिवार के मुखिया मुलायम सिंह यादव व्हील चेयर पर वोट डालने आए। मुलायम के भाई 78 साल के अभय राम बाइक से वोट डालने पहुंचे। अखिलेश और डिंपल ने पूरी फैमिली के साथ सैफई में वोट डाला।