Baghpat Incident : उत्तर-प्रदेश के बागपत के बड़ौत में मंगलवार, 28 जनवरी को एक हादसा हो गया है। यह हादसा जैन निर्वाण महोत्सव के दौरान कार्यक्रम में लगा लकड़ी का स्टेज टूटने से हुआ। स्टेज टूटने से करीब 24 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। घायलों में महिलाओं के अलावा पुरुष और बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
हादसे में 24 से ज्यादा लोग घायल
जानकारी के अनुसार यह घटना उस समय हुई जब श्रद्धालु मान स्तंभ पर लड्डू चढ़ा रहे थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद कई बड़े अधिकारी घटनास्थल और पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कर दिया है। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया, “अभी तक की सूचना के अनुसार घटना में 20-25 लोग घायल हुए थे। 2-3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। कुछ लोगों को प्राथमिक उपचार देकर घर पहुंचाया गया।”
स्टेज टूटने के कारण हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक यहां आदिनाथ भगवान के निर्वाण के लड्डू चढ़ाने का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान मंच पर श्रद्धालुओं की भीड़ ज्यादा हो गई। स्टेज भीड़ का भार नहीं संभाल पाया और यह हादसा हो गया। यह कार्यक्रम बड़ौत के दिगंबर जैन कॉलेज के मैदान में चल रहा था।