राबड़ी देवी ने CM सम्राट चौधरी को दी चुनौती

राबड़ी देवी का सरकारी आवास खाली करने से साफ इनकार

बिहार सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगला खाली करने से साफ इनकार कर दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को चुनौती देते हुए कहा है कि जितना भी फोर्स बुलाना है, बुलाइये बंगला खाली करने के लिए. बंगला खाली नहीं करेंगे।

शुक्रवार को भवन निर्माण विभाग ने रबड़ी देवी को सरकारी बंगला खाली करने का अंतिम नोटिस भेजा था। लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी का परिवार करीब 20 साल से इस बंगले में रह रहा है और इसे खाली करने के लिए पहले भी कई नोटिस दिए जा चुके हैं पर अब तक इसे खाली नहीं किया गया है।

आज शनिवार को राबड़ी देवी और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव दिल्ली से पटना पहुंचे। मीडिया कर्मियों ने राबड़ी देवी से पूछा कि आपको आवास खाली करने की नोटिस दिया गया है? इसपर पहले तो रबड़ी देवी ने कुछ नहीं कहा, लेकिन फिर एक लाइन में जवाब देते हुए कहा, “फोर्स बुलाकर खाली कर दे.” राबड़ी देवी के इस बयान से साफ है कि वो 10 सर्कुलर रोड को खाली करने के मूड में नहीं है और ना ही वह 39, हार्डिंग रोड स्थित नए सरकारी आवास में जाने के मूड में हैं।

बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद 25 नवंबर 2025 को भवन निर्माण विभाग के कार्यालय के आदेश संख्या 122 के तहत राबड़ी देवी को नया आवास 39 हार्डिंग रोड आवंटित किया गया था। उस वक्त राबड़ी देवी को लेटर भी भेजा गया था, लेकिन 6 महीना बीत जाने के बाद भी राबड़ी देवी ने 10 सर्कुलर रोड आवास को अब तक खाली नहीं किया है। अब भवन निर्माण विभाग ने राबड़ी देवी के पुराने आवास 10 सर्कुलर रोड को डेयरी, मत्स्य और पशु संसाधन मंत्री नंदकिशोर राम को 27 मई 2026 को आवंटित कर दिया है। इसके बाद शुक्रवार (29 मई) को राबड़ी देवी को बंगला जल्द खाली करने का अंतिम नोटिस जारी किया था।

राबड़ी देवी करीब 20 वर्षों से 10 सर्कुलर रोड आवास में रह रही हैं। यह आवास काफी बड़ा है और इससे लालू परिवार की यादें भी जुड़ी हैं। नवंबर 2005 में चुनाव हारने के बाद उन्हें यह आवास आवंटित किया गया था। उस समय पूर्व मुख्यमंत्री को भी आवास आवंटित होता था, लेकिन जब 2019 में अपने आवास के मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पटना हाई कोर्ट गए थे तब कोर्ट ने सख्त निर्देश दिया था कि कोई भी पूर्व मुख्यमंत्री या पूर्व उपमुख्यमंत्री पद से हटने के बाद सरकारी बंगला नहीं रख सकता है, ये सरकारी संसाधन जनता के है।

इसके बाद से 10 सर्कुलर रोड राबड़ी देवी को बिहार विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष के रूप में आवंटित किया गया था। साल 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद राबड़ी देवी को नया आवास 39 हार्डिंग रोड आवंटित कर दिया गया, लेकिन राबड़ी देवी के बयान से लगता है कि वो किसी भी हाल में 10 सर्कुलर रोड खाली करने के मूड में नहीं हैं। ऐसा लगता है कि इस मामले को लेकर आने वाले दिनों बिहार की राजनीति और गरमा सकती है।

Scroll to Top