वर्किंग प्रेशर से तंग आकर महिला ने थामी ऑटो की स्टीयरिंग

आज के दौर में जहां लोग अच्छी सैलरी और शानदार ऑफिस जॉब को ही सफलता मानते हैं, वहीं एक महिला ने इस सोच को बदलकर रख दिया। आईटी सेक्टर की तनाव भरी नौकरी छोड़कर उन्होंने ऑटो-रिक्शा चलाना चुना। एक ऐसा फैसला जिसने न सिर्फ सबको चौंकाया, बल्कि उनकी जिंदगी को भी सुकून और संतुलन से भर दिया। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला ऑटो को दिखाया गया है। वीडियो में दावा किया गया है कि वह महिला पहले आईटी सेक्टर में काम करती थी, उसने अपनी जिंदगी में बड़ा बदलाव करते हुए अलग करियर चुन लिया।

ऑफिस के काम का ज्यादा दबाव और लंबे घंटों से परेशान होकर उसने नौकरी छोड़ दी और ऑटो-रिक्शा चलाना शुरू कर दिया। उसे अपनी नौकरी में काफी तनाव महसूस होता था और वह काम व निजी जिंदगी के बीच संतुलन नहीं बना पा रही थी।

बदलाव की तलाश में उसने ऑटो चलाना शुरू किया और अब अपने हिसाब से काम करती है। शुरुआत में उसका यह फैसला लोगों को हैरान करने वाला था, लेकिन अब यह उसके लिए सही साबित हुआ है। वह महीने के करीब 60,000 रुपये कमा रही है और पहले के मुकाबले ज्यादा खुश है।

इस महिला की कहानी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग उनके फैसले की खूब तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि उन्होंने करियर छोड़कर ऐसा काम चुना, जिससे उन्हें सुकून और संतुष्टि मिल रही है। वीडियो देखने के बाद एक यूजर ने कहा कि वह खुद 18 साल से आईटी सेक्टर में काम कर रहे हैं, लेकिन आज भी लंबे-लंबे मीटिंग्स, घंटों चलने वाली कॉल्स और देर रात तक काम की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

वहीं, एक अन्य यूजर ने अंदाजा लगाया कि महिला के पास पहले से 50 लाख से 2 करोड़ रुपये तक की बचत होगी। एक और यूजर ने उनकी सादगी भरी जिंदगी की तारीफ करते हुए कहा कि आखिर में हर इंसान को सिर्फ सुकून ही चाहिए होता है और उन्होंने उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

Scroll to Top