Gujarat Bus Accident News: गुजरात के सापुतारा में एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां एक बस दुर्घटना का शिकार हो गई। यह बस कुंभ स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं को लेकर वापस आ रही थी। वापसी में बस हादसे का शिकार हुई और 200 फीट गहरी खाई में गिर गई।
7 लोगों की मौत, 15 घायल
इस बस हादसे में 7 लोगों की जान चली गई और 15 से ज्यादा लोग घायल हैं। जानकारी के मुताबिक ये बस श्रद्धालुओं को कुंभ से वापस ला रही थी और गुजरात के धार्मिक स्थलों के दर्शन करने जा रही थी। इस बीच सापुतारा में यह हादसा हो गया। यह हादसा रविवार, 2 फरवरी की सुबह करीब 5.30 बजे हुआ। प्राइवेट लग्जरी बस भयानक हादसे का शिकार हो गई।
नियंत्रण खोने की वजह से हुआ हादसा
हादसे में मौके पर ही 7 लोगों की जान चली गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। हादसे का शिकार हुए सभी यात्री मध्य प्रदेश के हैं। सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है। हाल ही में मिली जानकारी के मुताबिक हादसा ड्राइवर के बस से नियंत्रण खोने के कारण हुआ। बस में बैठे सभी लोग देव दर्शन के लिए गुजरात जा रहे थे। बस हादसे में सभी मृतक और घायल मध्य प्रदेश के हैं।