दिल्ली में बड़ा हादसा: मुकुंदपुर में भयानक सिलेंडर ब्लास्ट, ताश के पत्तों की तरह ढही बिल्डिंग

दिल्ली के बुराड़ी के मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार को तेज धमाके के बाद एक मकान जमींदोज हो गया. जानकारी के मुताबिक इस मकान में एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट हुआ है, जिसकी वजह से यह मलबे के ढेर में तब्दील हो गया है. इस हादसे में कई लोगों के दबे होने की खबर है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा. दमकल की 5 गाड़ियां भी मौके पर मौजूद हैं. राहत और बचाव कार्य जारी है. जिस मकान में ब्लास्ट हुआ है वहां पर सिलेंडर का बिजनेस होता था. इस जगह पर सिलेंडर भरकर सप्लाई किए जाते थे.

घटना के बाद इलाके के लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को फोन कर बताया कि इलाके में सिलेंडर फट गए हैं. जिसके बाद राहत और बचाव टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई. राहत और बचाव टीम को आसपास के लोगों ने बताया कि यहां पर सिलेंडर भरे और सप्लाई किए जाते थे.साथ ही यहां पर बर्तनों की रंगाई और पाउच बनाने का का काम भी किया जाता था. साथ ही चार्जर फैक्ट्री भी है. रिहायशी इलाके में कमर्शियल काम होता था. जिसकी वजह से यहां ब्लास्ट हुआ.

दमकल विभाग के मुताबिक, घटना सुबह 9 बजकर 37 मिनट पर हुई. जिसके बाद उनको फोन कर सूचना दी गई. मामले गंभीरता को देखते हुए तुरंत 5 दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया. रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है. मलबा हटाकर दबे हुए लोगों की तलाश की जा रही है.

आम आदमी पार्टी नेता सजीव झा ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि मुकुंदपुर के ईशु विहार में अवैध गैस रिफिलिंग और गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के कारण हुआ दर्दनाक हादसा दिल्ली सरकार की लापरवाही का बड़ा उदाहरण है. स्थानीय लोगों ने बार-बार शिकायत की, अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. अगर समय रहते कदम उठाए जाते तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था. आज बिल्डिंग ढह गई, कई लोग प्रभावित हुए और मौके पर बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर मिले हैं.

Scroll to Top