Delhi New CM News : दिल्ली में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 19 फरवरी को किया जा सकता है। यह जानकारी हमें सूत्रों द्वारा मिली है। भाजपा ने दिल्ली की सत्ता में बहुमत के साथ वापसी की है। 8 फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों में भाजपा को 48 सीट हासिल हुई थीं। दिल्ली में भाजपा ने 27 साल बाद वापसी की है।
बीजेपी की दिल्ली इकाई की विभिन्न चुनाव समितियों ने बुधवार को समीक्षा बैठक की थी। समीक्षा की शुरुआत परिणामों पर चर्चा के साथ हुई। इस बैठक में दिल्ली चुनाव प्रभारी बैजयंत पांडा, सह-प्रभारी अलका गुर्जर और अतुल गर्ग शामिल हुए थे। इस बैठक में प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा भी मौजूद थे। इस बैठक में शामिल एक नेता ने कहा, “वरिष्ठ नेताओं ने दिल्ली में हुई जीत पर सदस्यों की भूमिका की सराहना की।” उन्होंने बताया कि “आगे भी चुनाव समितियों के साथ बैठकें जारी रहेंगी।”
कौन होगा दिल्ली का मुख्यमंत्री ?
बता दें कि दिल्ली में 5 फरवरी को विधानसभा चुनाव हुए थे। आम आदमी पार्टी को बेहद शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था। आप को सिर्फ 22 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। वहीं कांग्रेस शून्य पर सिमट कर रह गई थी। दिल्ली में भाजपा की जीत के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए कई नामों पर चर्चा हो रही है। प्रमुख दावेदारों में प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, रेखा गुप्ता, कपिल मिश्रा और बीजेन्द्र गुप्ता शामिल हैं। दिल्ली का मुख्यमंत्री कौन होगा, ये तो आने वाले समय में ही पता लगेगा।