नई दिल्ली: बिहार में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुरुआत कर दी है। दरअसल, बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए नीतीश कुमार ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ बैठक की।
सचिवालय में हुई इस बैठक की अध्यक्षता नीतीश कुमार ने की। नीतीश कुमार ने बाढ़ प्रभावित परिवारों के खाते में सहायता राशि भेजने की प्रक्रिया को शुरू किया। इस राहत योजना के तहत राहत निधि के 6000 रुपए सीधे प्रत्येक बाढ़ प्रभावित परिवार के बैंक खातों में जमा होंगे।
बता दें कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया था। इसके बाद उन्होंने पूर्णिया के चूनापुर हवाईअड्डे पर पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज के जिलाधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में बाढ़ और बचाव-राहत कार्य के बारे में विस्तृत समीक्षा की गई।
गौरतलब है कि बिहार के 77 प्रखंडों की 546 पंचायतों के 25 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। बाढ़ से 34 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री ने लगातार दूसरे दिन बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया।