ट्रेन को ऐसे ही नहीं लाइफलाइन कहा जाता. लाखों लोगों को रोजाना उनकी मंजिल तक पहुंचाने वाली ट्रेन, लोगों के जीवन का एक अहम हिस्सा है. कम किराए होने के बावजूद भी कुछ यात्री बिना टिकट लिए ही ट्रेन से सफर करने लगते हैं, लेकिन अब ऐसे यात्रियों की खैर नही. भारतीय रेलवे ने यात्रियों के लिए नियमों को पहले से ज्यादा सख्त कर दिया है.
अब अगर कोई यात्री बिना वैध टिकट के पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी और साथ ही जुर्माना भी पहले से दोगुना लगाया जाएगा. इस बदलाव के पीछे रेलवे का मकसद सिर्फ यही है कि इससे यात्री अनुशासन बनाए रखेंगे और बिना टिकट यात्रा पर भी रोक लगेगी.
रेलवे के नए नियम
रेलवे के नए नियमों के मुताबिक, जन विश्वास एक्ट 2026 के तहत रेलवे एक्ट 1989 की धारा 137 और 138 में बदलाव किया गया है. इसके तहत अब बिना टिकट या पहले से इस्तेमाल किए गए टिकट के साथ यात्रा करना अपराध माना जाएगा. पकड़े जाने पर यात्री को सिर्फ पूरा किराया ही नहीं, बल्कि अलग से जुर्माना भी देना पड़ेगा. ध्यान दें कि पहले जुर्माना 250 रुपये था, जिसे अब नया न्यूनतम जुर्माना 500 रुपये कर दिया गया है. यह नियम 20 जून 2026 यानी आज से ही लागू हो गए हैं.
किस-किस मामलों में जुर्माना लगेगा?
अगर कोई यात्री बिना टिकट यात्रा करते पकड़ा जाता है.
वहीं पुराने टिकट के साथ यात्रा करता है तब जुर्माना लगाया जाएगा.
या फिर कोई गलत टिकट के साथ ट्रेन में सफर करता है.
नियम तोड़ने पर होगी जेल
रेलवे ने साफ किया है कि अगर जुर्माना नहीं दिया गया तो कार्ट में कार्रवाई की जा सकती है और सिर्फ यहीं नहीं नियम तोड़ने वाले को 6 महीने तक की जेल भी हो सकती है. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि बिना टिकट लिए यात्रा न करें. रेलवे के नियमों का पालन करें, ताकि आपके ऊपर किसी भी तरह का जुर्माना न लगाया जाए.