लालू परिवार में हड़कंप! तेज प्रताप के घर हुई बड़ी चोरी

लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल (JJD) के मुखिया तेज प्रताप यादव के घर में बड़ी चोरी हो गई. सोमवार (22 जून) की देर रात तेज प्रताप के घर में रखी अलमारी से 20 लाख रुपये कैश (पार्टी फंड के पैसे), दो तोला सोने की चेन, एक अंगूठी, 4 पेन ड्राइव, 2 हार्ड डिस्क, एक iPad, एक MacBook, एक Lenovo लैपटॉप और 4 iPhone 17 Pro Max मोबाइल फोन गायब हो गए.

इतनी बड़ी चोरी का आरोप तेज प्रताप के करीबी पर ही लग रहा है. दरअसल, जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष 42 हार्डिंग रोड आवास में रहते हैं. उन्होंने खुद अपने निजी सहायक मोतीलाल राय पर ही चोरी का आरोप लगाया है. दावा किया गया है कि वह बैग लेकर भागते हुए देखा गया था.

तेज प्रताप ने सचिवालय थाना में मोतीलाल राय के खिलाफ में FIR दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है. शिकायत में कहा गया है कि उनके पीए ने उनके कुछ सामान की चोरी की है, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है. पुलिस सोमवार रात में ही तेज प्रताप के घर पहुंच गई थी और तबसे ही जांच जारी है.

पुलिस को दी गई तहरीर में तेज प्रताप यादव ने लिखा है कि सोमवार रात करीब 11.30 बजे उनके ड्राइवर अनिल यादव और उनके साथ रहने वाले विशाल ने मोतीलाल राय को एक बैग लेकर आवास की बाउंड्री फांदते हुए देखा था. दोनों ही व्यक्ति इस वारदात के प्रत्यक्षदर्शी हैं. इसी के साथ तेज प्रताप ने मोतीलाल राय को हिरासत में लेकर पूछताछ करने की अपील की है. उन्होंने पुलिस से आग्रह किया है कि मोतीलाल राय को गिरफ्तार करें और उनका चोरी हुआ सारा सामान बरामद कर उन्हें वापस करने में मदद करें.

Scroll to Top