जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: ड्रग्स केस को लेकर विवादों में आया कॉर्डेलिया क्रूज एक बार फिर चर्चा में है। इस बार वजह है कोरोना। क्रूज के चालक दल का एक सदस्य कोरोन पॉजिटिव हो गया है। जिसके बाद इसमें मौजूद 2016 लोगों का RT-PCR टेस्ट करवाया गया है। ये सभी लोग क्रूज पर ही फंसे हुए हैं। यह क्रूज अभी गोवा के मोरमुगाओ पोर्ट क्रूज टर्मिनल के पास है।
दरअसल, कोर्डेलिया मुंबई से गोवा के लिए रवाना हुआ था। तभी चालक दल के एक सदस्य में कोरोना संक्रमण होने की सूचना मिली। जिसके बाद 2000 यात्री और 16 क्रू मेंबर शिप में ही फंस गए। गोवा के मोरमुगाओ पोर्ट क्रूज टर्मिनल के पास यह क्रूज अभी मौजूद है। क्योंकी गोवा सरकार ने जहाज को डॉक करने की अनुमति देने से ही इंकार कर दिया है।
रिपोर्ट आने से पहले जहाज न छोड़ने की चेतावनी
जिस क्रू मेंबर में कोरोना की पुष्टि हुई है उसे जहाज में ही आइसोलेट कर दिया है। इसके अलावा क्रूज में मौजूद सभी लोगों को अधिकारियों ने सख्त निर्देश जारी कर दिए हैं कि जब तक रिपोर्ट नहीं आती कोई क्रूज नहीं छोड़ेगा।
फिर उठे सवाल
कोविड महामारी के चलते महाराष्ट्र में डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट लागू है। बावजूद इसके क्रूज पर 2 हजार से ज्यादा लोग सवार थे। इससे पहले भी आर्यन खान ड्रग्स केस मामले में कोर्डेलिया क्रूज ने महामारी एक्ट के तहत लागू नियमों का उल्लंघन किया था।