जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पर हमले के बाद उन्होंने पहली प्रतिक्रिया दी है। केजरीवाल ने उनके घर पर हमले को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा और इसे गुंडागर्दी करार दिया।
दिल्ली की सड़कों पर दौड़ेंगे सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक ऑटो, CM केजरीवाल ने दिखाई हरी झंडी
दिल्ली में ई ऑटो लॉचिंग कार्यक्रम के दौरान सीएम अरविंद केजरीवाल ने लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ‘‘केजरीवाल महत्वपूर्ण नहीं है। मैं बहुत छोटा आदमी हूं, इस देश का एक आम नागरिक हूं, देश के लिए मेरी जान भी हाजिर है। लेकिन मुझे ये लगता है कि इस तरह की गुंडागर्दी से देश आगे नहीं बढ़ने वाला।’’
सीएम केजरीवाल ने कहा, ’’हमें अगर देश को आगे ले जाना है, 21वीं सदी का भारत बनाना है तो प्यार और मोहब्बत से सब मिलकर काम करेंगे, तभी देश आगे बढ़ेगा।’’ उन्होंने कहा कि 75 साल तो खराब कर दिए हमने देश के, गंदी राजनीति करके, आपस में लड़-झगड़कर, मारपीट करके, गुंडागर्दी करके। अब दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी और देश की सत्ताधारी पार्टी ऐसे राजधानी के अंदर गुंडागर्दी करेगी तो युवाओं को क्या संदेश जाता है।
उन्होंने कहा कि एक आम युवा सोचेगा की यही सही होता होगा। ये गंदा संदेश जाता है, इस तरह से देश की तरक्की नहीं होती। गौरतलब है कि भारतीय जनता युवा मोर्चा ने कथित तौर पर मुख्यमंत्री केजरीवाल के आवास पर विरोध प्रदर्शन करते हुए तोड़फोड़ की थी। हमले के बाद युवा मोर्चा के प्रमुख और सांसद तेजस्वी सूर्या ने कहा था कि ‘द कश्मीर फ़ाइल्स’ फिल्म को लेकर अरविंद केजरीवाल के बयान के कारण ये विरोध प्रदर्शन किया गया।
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बीजेपी पर सीएम केजरीवाल को जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने इस मामले में आज आठ लोगों को गिरफ्तार भी किया है।