जनतंत्र डेस्क Spiritual Wednesday: हिंदू धर्म में हर दिन देवी देवताओं को समर्पित होता है। खास दिन पर खास भगवान की पूजा की जाती है। इसी तरह बुधवार का दिन विघ्नहर्ता गणेश को समर्पित है। गणपति को सभी देवी देवताओं में प्रथम पूज्य माना जाता है। किसी भी काज से पहले गणेश जी की पूजा की जाती है। भगवान गणेश की पूजा-अर्चना करने का एक खास तरीका होता है। अगर विधिवत उनकी पूजा की जाए, तो भगवान गणेश खुश होकर आपकी सभी दिक्कतों और मुश्किलों को हर लेते हैं।
बुधवार के दिन गणेश जी की पूजा का खास महत्व होता है। कहा जाता है, इस दिन घर में सफेद गणपति की स्थापना करें, तो घर-परिवार पर आया संकट समाप्त हो जाता है। गणपति को मोदक बेहद प्रिय होता है तो उन्हें हर बुधवार मोदक का प्रसाद खिलाने से गणेश जी अपने भक्तों पर प्रसन्न होंगे।
विधि-विधान से करें पूजा
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, बुधवार के दिन सुबह भगवान गणेश को दूर्वा या दूब चढ़ाने से आपकी सभी मनोकामनाएं पूरी होंगी। ऐसी मान्यता है कि भगवान गणेश को दूर्वा बहुत ही प्रिय है। कहा जाता है भगवान गणेश को हरा रंग बेहद प्रिय है इसलिए भी दुर्वा से उनकी पूजा की जाती है। साथ ही गणेश जी को सिंदूर भी चढ़ाया जाता है। जिससे घर में खुशहाली आती है। वहीं, खास बात ये है कि जो मोदक आप गणपति को चढ़ाएं उसे खुद ना खाकर प्रसाद के रूप में सबको बांट दें।
गाय को चारा खिलाने का खास महत्व
हिंदू धर्म में गाय को भी माता का दर्जा दिया गया है, कहा जाता है बुधवार के दिन गौ माता को हरा चारा खिलाने से घर के सारे संकट और आपसी बैर दूर हो जाते है और घर में सुख, शांति और समृद्धि आएगी। वहीं, बुधवार के दिन जरूरतमंदों को खाना या मूंग का दान करके भी आप भगवान गणेश को प्रसन्न कर सकते हैं। पूजा के दौरान विघ्नहर्ता की आरती और मंत्रोच्चार का पाठ करें।
मंत्र- ॐ एकदन्ताय विद्महे वक्रतुंडाय धीमहि तन्नो बुदि्ध प्रचोदयात।।