जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: भारत के बैंको का कर्ज चुकाए बिना देश छोड़कर भागे विजय माल्या UK हाईकोर्ट में बड़ा केस हार गए। कोर्ट ने माल्या की उस दलील को खारिज कर दिया। जिसमें उन्होंने कर्ज चुकाने के लिए और अधिक समय मांगा था। यूके हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद बैंक लंदन स्थित माल्या का घर जब्त कर सकता है।
स्विस बैंक यूबीएस के साथ चल रहे विवाद को लेकर UK हाईकोर्ट में वर्चुअली सुनवाई हुई। जिसमें फैसला विजय माल्या के हक में नहीं आया। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा, “बैंक का लिया 2.04 करोड़ ब्रितानी पाउंड का कर्ज चुकाने के लिए माल्या परिवार को और वक्त देने की कोई ठोस वजह नहीं है। दूसरे पक्ष की दलील उचित है, उन्हें और समय देने से कोई लाभ होगा ऐसा नहीं लगता।”
कोर्ट ने माल्या की अपील खारिज करते हुए यह भी कहा, इस मामले में और अपील की इजाजत नहीं दी जाती। इसका मतलब साफ है कि मामले में स्टे का आदेश नहीं दिया जा सकता। कोर्ट के इस आदेश के बाद बैंक अपने कर्ज की भरपाई इस संपत्ति को बेचकर कर सकता है। बैंक की तरफ से कहा गया है, बैंक कोर्ट के आदेश का जल्द से जल्द पालन करेगा।
लंदन के घर में रहती है विजय माल्या की मां
विजय माल्या का लंदन में बेहद मूल्यवान संपत्ति है। माल्या ने यूबीएस बैंक से इस घर को गिरवी रखकर कर्ज लिया था। लंदन के रीजेंट पार्क के पास मौजूद 18/19 कॉर्नवॉल टेरैस के इस घर में विजय माल्या की 95 वर्षीय मां ललिता रहती हैं।
10 हजार करोड़ का कर्ज लेकर विदेश भागे
साल 2016 में विजय माल्या भारत छोड़कर ब्रिटेन चले गए थे। उन पर आरोप हैं कि उन्होंने अपनी किंगफ़िशर एयरलाइन कंपनी के लिए बैंकों से कर्ज लिया था। ये कर्ज माल्या ने वापस नहीं चुकाया और विदेश भाग गए। कर्ज की यह रकम करीब 10 हजार करोड़ रुपए बताई जाती है। विजय माल्या की एयरलाइन कंपनी किंगफिशर बाद में बंद हो गई।