जनतत्र डेस्क, नई दिल्ली: केजरीवाल सरकार ने एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए आज दिल्ली जल बोर्ड में कार्यरत 700 संविदा कर्मचारियों को नियमित कर दिया। देश में यह पहली बार हुआ है, जब एक साथ इतने संविदा कर्मचारियों को सरकारी नौकरी मिली है। सीएम अरविंद केजरीवाल ने कर्मचारियों को पक्का होने का सर्टिफिकेट देते हुए कहा कि दिल्ली राज्य बनने के बाद इतने बड़े स्तर पर कच्चे कर्मचारियों को कभी पक्का नहीं किया गया।
OSCAR 2022: भारत की ‘राइटिंग विद फायर’ ऑस्कर में नॉमिनेट, देखें पूरी लिस्ट
दिल्ली जल बोर्ड में संविदा पर कार्यरत उन 700 कर्मचारियों के लिए आज एक ऐतिहासिक पल था। जिन्हें मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली जल बोर्ड द्वारा नियमित करने का प्रमाण पत्र सौंपा। सीएम अरविंद केजरीवाल के हाथों नियमित होने का सर्टिफिकेट पाकर जहां इन कर्मचारियों के चेहरे खिल उठे, वहीं आम आदमी पार्टी की सरकार ने एक साथ 700 कर्मचारियों को नियमित करके देश में एक नया रिकॉर्ड भी स्थापित कर दिया।
सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सरकार अगर ईमानदार हो तो स्कूल भी चला सकती है और अस्पताल भी चला सकती है। जो सरकार स्कूल और अस्पताल नहीं चला पाए, तो फिर उस सरकार को इस्तीफा दे देना चाहिए। फिर वो सरकार रहने लायक नहीं है।
केजरीवाल ने कहा कि पूरे देश के अंदर एक माहौल यह भी बनाया गया था कि कर्मचारियों को अगर पक्का कर दो, तो वो काम नहीं करते हैं। दिल्ली में हमने स्कूल अच्छे किए। दिल्ली के अंदर शिक्षा क्रांति आई। शिक्षा के क्षेत्र में हमने जो भी किए, वो हमने नहीं किए, वो तो इन सरकारी शिक्षकों और प्रधानाचार्यों ने ही किया।
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार के सभी विभागों के अंदर जितने भी कच्चे कर्मचारी हैं, सबको पक्का होने चाहिए। लेकिन आप लोग जानते हैं कि दिल्ली सरकार के पास पावर बहुत कम है। दिल्ली जल बोर्ड एक स्वायत्त संस्था है। यहां पर बोर्ड सारे निर्णय लेता है। केंद्र सरकार की इसमें कोई दखलअंदाजी नहीं होती है। लेकिन बाकी को भी नियमित करने की हमारी कोशिश रहेगी।
अब कर्मचारियों को मिलेगी यह सुविधाएं
दिल्ली जल बोर्ड ने जिन 700 संविदा कर्मचारियों को नियमित किया है, उसमें दैनिक वेतन भोगी और करूणा मूलक आधार पर नियुक्त किए गए कर्मचारी शामिल हैं। कर्मचारियों को अब से चिकित्सा सुविधाएं, सरकारी आवास, छुट्टी के लाभ और ग्रैच्युटी, एनपीएस और एलटीसी (यात्रा सुविधा) जैसी सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। साथ ही, इन्हें 2019 से एरियर्स मिल सकेगा। सभी का वेतन लगभग दोगुना हो जाएगा। सभी को डीए की सुविधा मिलेगा। वार्षिक वेतन वृद्धि, बच्चों की शिक्षा भत्ता, पितृत्व अवकाश, मातृत्व अवकाश आदि सुविधाओं का भी लाभ मिलेगा।
नौकरी पाने के बाद कर्मचारियों के चेहरे खिल गए और उन्होंने दिल्ली सरकार का शुक्रिया अदा किया।