जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: दिल्ली में केजरीवाल सरकार ने नई तकनीक से बनाए गए मॉडर्न कुओं की मदद से अब पूर्वी दिल्ली के लाखों लोगों तक पीने का साफ पानी पहुंच सकेगा। दिल्ली वालों को 24 घंटे पानी आपूर्ति करने की दिशा में केजरीवाल सरकार की यह एक बड़ी सफलता है। सोनिया विहार में बने आधुनिक कुओं का निरीक्षण करने पहुंचे जल मंत्री और दिल्ली जल बोर्ड के अध्यक्ष सत्येंद्र जैन ने कहा कि सोनिया विहार वॉटर ट्रीटमंट प्लांट के परिसर में आधुनिक तकनीक से बनाए गए ‘मॉडर्न कुओं में आम कुओं के मुकाबले 6 से 8 गुना ज्यादा पानी का उत्पादन हो सकेगा।
इन मॉर्डन कुओं के बारे में जानकारी देते हुए सत्येंद्र जैन ने कहा, इस नई तकनीक से अब कुएं के अंदर ही पानी को ट्रीट कर सीधे लोगों के घरों तक आपूर्ति की जा सकेगी और इससे पानी की सप्लाई में 25-30 फीसद तक का इजाफ़ा होगा। यह पानी सीधे दिल्ली जल बोर्ड के भूमिगत जलाशयों में सप्लाई किया जाएगा। दिल्ली वालों को 24 घंटे पीने का पानी सप्लाई करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
30 ‘मॉडर्न एक्सट्रैक्शन वेल’ तैयार
दिल्ली सरकार ने 30 ‘मॉडर्न एक्सट्रैक्शन वेल’ यानि आधुनिक कुओं का निर्माण कराया है, जो साधारण कुओं के मुक़ाबले 6 से 8 गुना ज्यादा पानी उपलब्ध कराने की क्षमता रखते हैं। ‘एक्सट्रैक्शन वेल’ उन कुओं को कहा जाता है, जहां से पानी निकाल कर उसे ट्रीट कर घरों तक सप्लाई किया जाता है। इस आधुनिक कुएं के बनने से पानी की सप्लाई अब 25-30 फीसद तक बढ़ जाएगी। प्रत्येक कुएं की क्षमता प्रतिदिन 1.2 से 1.6 मिलियन गैलन पानी सप्लाई करने की है।
क्यों खास हैं ये आधुनिक कुएं
दिल्ली जल बोर्ड के बनाए गए आधुनिक कुओं को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि पानी कुएं के भीतर ही उपचारित (ट्रीट) हो जाए। इससे एक नया वॉटर ट्रीटमंट प्लांट स्थापित करने की लागत बच जाएगी और पानी को सीधे पंप करके लोगों के घरों तक सप्लाई किया जा सकेगा। बारिश के मौसम में ये खुद-ब-खुद भूजल को दोबारा से रीचार्ज कर सकेंगे।