जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: 3 अक्टूबर 2019 को अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के मुंडका में खेल विश्वविद्यालय बनवाने का वादा किया था। इस विश्वविद्यालय के जरिए खिलाड़ियों को विश्व स्तर पर खेलने के लिए तैयार किया जाता।
दिल्ली के मुंडका में खेल विश्वविद्यालय न बन पाने पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने केजरीवाल को घेरते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के मुंडका में खेल विश्वविद्यालय बनाने का वादा किया था, लेकिन अभी तक विश्वविद्यालय कहां है यह किसी को नहीं पता। अभी तक खेल यूनीवर्सिटी के नाम पर एक ईट तक नहीं डाली गई है। क्या ऐसी ही खेल यूनिवर्सिटी के दम पर युवा स्पोर्ट्स में पदक लाएंगे जो सिर्फ कागजों में चल रही है? केजरीवाल दिल्ली के खिलाड़ियों का विकास सिर्फ कागजों में ही कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सिर्फ झूठी और बेबुनियादी बातों को बेचकर अपनी दुकान चलाते हैं।
उन्होंने कहा कि जिस मुख्यमंत्री के दिमाग में युवाओं और महिलाओं को शराब पिलाने की बात हो, वह कभी किसी के भविष्य के बारे में नहीं सोच सकता है। केजरीवाल शुरु से युवाओं के नाम पर राजनीती करते आये हैं। जो सरकार पूरे सात सालों में एक नया स्कूल तक नहीं खोल पाई उससे विश्वविद्यालय खोलने की उम्मीद करना केवल बेवकूफी है और कुछ नहीं।