Maharashtra : मराठा आरक्षण आंदोलन कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने एलान किया कि वह राज्य के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आवास के बाहर प्रदर्शन करेंगे। जालना के अंतरवाली सराटी में मनोज जरांगे ने लगभग 1 घंटे तक भाषण दिया। इस दौरान उन्होंने देवेंद्र फडणवीस पर कई आरोप लगाए।
मनोज जरांगे ने क्या कहा?
मनोज जरांगे ने कहा कि कुछ लोगों को मेरे विरुद्ध झूठे आरोप लगाने के लिए लालच दिया जा रहा है। उन पर दबाव डाला जा रहा है। इन साजिशों के पीछे उपमुख्यमंत्री फडणवीस का हाथ है। वह मुझे मारना चाहते हैं। मैं सागर बंगले (फडणवीस का आधिकारिक आवास) तक मार्च करने के लिए तैयार हूं। इस एलान ने उनके समर्थकों को हैरान कर दिया। इस एलान से सभा स्थल पर अफरातफरी मच गई। मनोज जरांगे के समर्थक बड़ी संख्या में एकत्र हुए थे। उनमें से जब कुछ ने उनका माइक्रोफोन छीनने की कोशिश की तो जरांगे ने कहा कि वह अकेले मुंबई तक मार्च करेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें इसके लिए एक छड़ी की जरूरत है।
फडणवीस को माफी मांगनी पड़ी थी
मनोज जरांगे ने आरोप लगाया कि उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस आरक्षण की मांग कर रहे मराठा समुदाय के आंदोलनों को नुकसान पहुंचाने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि देवेंद्र फडणवीस लोगों के जरिए उनकी छवि को धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि पिछले वर्ष जालना में प्रदर्शन के दौरान जब लाठीचार्ज हुआ था, तो फडणवीस को माफी मांगनी पड़ी थी। इससे उन्हें गहरा झटका लगा था, इसलिए अब वह मराठा आरक्षण आंदोलन को नाकाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य की सरकार फडणवीस चला रहे हैं, न कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे या उप मुख्यमंत्री अजित पवार।
यह भी पढ़ें – समाज और देश के लिए नुकसानदायक है नशे की लत : पीएम मोदी