जनतंत्र डेस्क, Rajasthan: साड़ी भारतीय संस्कृति की पहचान मानी जाती है। लेकिन राजस्थान के करौली में साड़ी ही बड़ा विवाद बन गई। यहां करौली में आई लव यू लिखी एक साड़ी की डिजाइन को लेकर जमकर बवाल हो गया। बढ़ते-बढ़ते विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत बाजार बंद करने की आ गई।
दरअसल, करौली जिले के टोडाभीम के कपड़ा बाजार में (I Love You) लिखी साड़ी बिकने के लिए आई। साड़ी करौली के कुछ घरों में पहुंची तो इस पर विवाद हो गया। साड़ी देख लोग भड़क गए। इसके विरोध में लोग बाजार में उतरे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों का कहना है कि, व्यापारियों ने अपने मुनाफे के लिए स्थानीय संस्कृति को भी नजर अंदाज कर दिया है।
बढ़ते विरोध के बाद आई लव यू लिखी साड़ी बेचने वाले व्यापारियों को माफी मांगनी पड़ी। साथ ही व्यापारियों को वादा करना पड़ा कि, वो अब इस तरह की साड़ी नहीं बेचेंगे। आई लव यू लिखी साड़ी बेचने का ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं ने विरोध किया। साथ ही लोगों ने कपड़ा व्यापार मंडल के साथ बैठक में विरोध जताया।