West Bengal : राज्य के संदेशखाली की घटना सामने आने के बाद से ही तमाम विपक्षी दल ममता बनर्जी की सरकार के खिलाफ लामबंद हो गए हैं। जहां एक तरफ सत्ता पक्ष बीजेपी पर राज्य में माहौल खराब करने का आरोप लगा रहा है। तो वहीं, तमाम विपक्षी दल राज्य में कानून व्यवस्था के ध्वस्त होने की बातें कह रहे है। बंगाल की पूरी सियासत संदेशखाली के इर्द-गिर्द भटक रही है। संदेशखाली सियासी जंग का मैदान बना हुआ है। इस बीच, वरिष्ठ बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने एक फिर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बनर्जी अब आंटी बन गई हैं।
ममता बनर्जी को दीदी कहना बंद कर दीजिए
बीजेपी नेता ने कहा कि पूरे बंगाल में इस तरह से काम चलता है। सीएम बनर्जी के संरक्षक में काम चल रहा है। ममता बनर्जी को दीदी कहना बंद कर दीजिए। अब वह आंटी बन गई हैं। अगर हिंदी में कहें तो बुआ। ये बुआ-भतीजे की सरकार है। वह दीदी नहीं हैं। दीदी नाम के साथ एक मानवता की भावना आती है। मैंने विधानसभा चुनाव के दौरान नंदीग्राम में उन्हें हराया था। उन्होंने मेरे खिलाफ 42 मामले दर्ज कराए। वह एक क्रूर महिला हैं।
संदेशखाली मामला क्या है?
राज्य के उत्तर 24 परगना जिले में स्थित गांव संदेशखाली इन दिनों भारी विरोध प्रदर्शन का गवाह बना हुआ है। दरअसल, गांव की महिलाओं ने बीते दिनों आरोप लगाए थे कि टीएमसी नेता शाहजहां शेख और अन्य टीएमसी नेताओं ने उनकी जमीनों पर कब्जा कर लिया और कुछ महिलाओं ने टीएमसी नेताओं पर यौन शोषण के भी आरोप लगाए थे। इसे लेकर संदेशखाली में महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ता भी संदेशखाली में प्रदर्शन कर रहे हैं। शाहजहां शेख राशन घोटाला मामले में आरोपी है और बीते दिनों ईडी टीम पर हुए हमले में भी आरोपी है।
यह भी पढ़ें – New Delhi : विकसित भारत के लिए कृषि व्यवस्थाओं का आधुनिकीकरण जरूरी : पीएम मोदी