Rahul Gandhi News : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हरियाणा में जिला कांग्रेस कमेटियों के प्रमुखों की नियुक्ति प्रक्रिया की समीक्षा के लिए 20 जून को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। इस ऑनलाइन बैठक में उन्होंने प्रदेश के लिए नियुक्त सुपरवाइजरों से सीधे बातचीत की और उन्हें विवादित नामों पर अपनी सिफारिशें सौंपने की जिम्मेदारी दोहराई। राहुल गांधी ने सुपरवाइजरों से अभियान में आ रही चुनौतियों, फीडबैक और जमीनी अनुभवों को साझा करने का आग्रह किया।
हरियाणा में कांग्रेस की बैठक
कांग्रेस की इस बैठक में कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और हरियाणा मामलों के प्रभारी बीके हरिप्रसाद भी मौजूद रहे। पार्टी ने बताया कि “यह सिर्फ संगठन सृजन अभियान’ का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य जिला स्तर पर संगठन को सशक्त और जन-केंद्रित बनाना है। इससे पहले गुजरात में इसी प्रक्रिया की शुरुआत 15 अप्रैल को मोडासा से की गई थी। अब हरियाणा इस प्रणाली का दूसरा राज्य बन गया है।
कांग्रेस की नई रणनीति
वहीं जानकारी के मुताबिक, पर्यवेक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि “वह हर जिले से छह उपयुक्त नाम प्राथमिकता क्रम में सुझाएं। इन्हीं के आधार पर जिलाध्यक्षों की घोषणा की जाएगी। यह निर्णय 9 अप्रैल को अहमदाबाद में कांग्रेस के अधिवेशन के दौरान लिया गया था। 30 जून तक अपनी सिफारिशें पार्टी नेतृत्व को सौंपने का आदेश जारी किया गया है। पार्टी का उद्देश्य इस प्रक्रिया को पारदर्शी और भागीदारी आधारित बनाना है।”
क्या है कांग्रेस का उद्देश्य?
कांग्रेस के मुताबिक, हरियाणा के साथ-साथ यह अभियान अब मध्य प्रदेश में भी शुरू किया जाएगा। आने वाले समय में इसे देशभर में लागू किया जाएगा। कांग्रेस का लक्ष्य है कि जिला समितियों को मजबूत कर नीय स्तर पर संगठन की पकड़ को मजबूत किया जाए ताकि कांग्रेस के कार्यकर्ताओँ और आम जनता के बीच सहभागिता बढ़ाई जा सके।