जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: बुल्ली बाई एप पर 100 नामचीन और दमदार तरीके से अपनी बात रखने वाली मुस्लिम महिलाओं की बोली लगाने जैसे घिनौने काम और उनके खिलाफ अपनाजनक टिप्पणी करने के मामले में आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा कस गया है। इस कांड की मुख्य आरोपी एक महिला है जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मास्टरमाइंड महिला उत्तराखंड की रहने वाली है।
Bulli Bai Case: मुस्लिम लड़कियों की ऑनलाइन बोली मामले में 21 वर्षीय इंजीनियर अरेस्ट
बुल्ली बाई केस की मुख्य आरोपी महिला अपने साथी युवक के साथ मिलकर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दे रही थी। वहीं, महिला का साथी 21 वर्षीय विशाल कुमार पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। मुंबई पुलिस ने विशाल को बेंगलुरू से गिरफ्तार किया। विशाल कुमार इंजीनियरिंग का छात्र है। दोनों एक दूसरे से सोशल मीडिया के जरिए भी जुड़े थे जिससे पुलिस को मास्टरमाइंड महिला का पता लगाने में आसानी हुई। मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
पंजाबी लोगों के नाम से बनाए अकाउंट
मुस्लिम महिलाओं की बोली लगाने और उन्हें बदनाम करने की साजिश रचते हुए मुख्य आरोपी महिला और उसके साथी विशाल ने शातिराना तरीका अपनाया। आरोपी महिला बुल्ली बाई एप से जुड़े तीन खाते चला रही थी। जबकि उसका दोस्त विशाल खालसा सुप्रीमिस्ट के नाम से इस वारदात को अंजाम दे रहा था। ताकि लोगों को लगे बुल्ली बाई एप पर मुस्लिम महिलाओं को बदनाम करने की साजिश पंजाबियों ने रची है। इस कांड के पीछे दोनों आरोपियों की नफरत और गंदी सोच थी। जिसे मुंबई पुलिस ने एक्शन लेते हुए नाकाम कर दिया।
फिलहाल गिरफ्तार महिला को उत्तराखंड से मुंबई लाया जा रहा है जबकि बेंगलुरू से गिरफ्तार आरोपी विशाल कुमार को अदालत में पेश किया गया है। पुलिस इस वारदात के हर पहलु की गहनता से तफ्तीश कर रही है।