जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने यमन में हूती विद्रोहियों के खिलाफ एयर स्ट्राइक की है। इस हवाई हमले में 70 लोगों के मारे जाने की खबर है। सऊदी अरब ने ये कार्रवाई उस समय की, जब हूती विद्रोहियों ने UAE के अबू धाबी में ड्रोन हमला किया था। हालांकि सऊदी अरब की इस बदले की कार्रवाई पर संयुक्त राष्ट्र ने निंदा की है।
सऊदी अरब गठबंधन सेना का बदला, देर रात हूती विद्रोहियों के ठिकानों पर की बमबारी
संयुक्त राष्ट्र ने यमन के एक डिटेंशन सेंटर पर सऊदी के नेतृत्व वाले गठबंधन की ओर से किए गए एयर स्ट्राइक की निंदा की है। इस हवाई हमले में 70 से ज्यादा लोग मारे गए हैं। सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने यमन में जहां एयर स्ट्राइक की है वो जगह हूती विद्रोहियों के आंदोलन का गढ़ माना जाता है। सऊदी अरब ने शुक्रवार को ये हमला किया था।
संभावना जताई जा रही है कि इस एयर स्ट्राइक में मरने वालों का आंकड़ा अभी बढ़ सकता है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि “इस तरह के हमलों को रोकने की जरूरत है।” संयुक्त राष्ट्र ने हमलों की जांच करने की बात पर भी जोर दिया है।