Bhandara Ordnance Factory Blast : महाराष्ट्र के भंडारा में एक ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में बड़ा विस्फोट हुआ। इस हादसे में 1 कर्मचारी की मौत हो गई। वहीं कई अन्य कर्मचारियों के घायल होने की खबर है। फिलहाल अभी तक यहीं जानकारी सामने आई है। ये ब्लास्ट फैक्ट्री के आरके ब्रांच सेक्शन में हुआ है।
भंडारा की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में भयानक विस्फोट
फैक्ट्री में ब्लास्ट की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आई हैं। वीडियो में ब्लास्ट के बाद समान में दूर तक उठता हुआ देखा गया। धमाके के बाद फैक्ट्री में आग लग गई। फिलहाल फैक्ट्री में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीमें घटनास्थल पर राहत-बचाव कार्य में जुट गईं। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि इलाके में हड़कंप मच गया। लोग इधर-उधर भागने लगे।
सीएम फडणवीस ने हादसे पर जताया दुख
जानकारी के मुताबिक भंडारा जिले में फैक्ट्री में हुए विस्फोट में छत गिरने से 13 से 14 कर्मचारी फंस गए हैं। इनमें से 5 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ और नागपुर नगर निगम की टीमों को भी बुलाया गया है। इस हादसे पर दुख जताते हुए सीएम फडणवीस ने कहा “शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दुर्भाग्य से इस घटना में एक मजदूर की मौत हो गई है। मैं उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। मैं ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
हादसे पर बोले कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने भंडारा स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में हुए विस्फोट पर कहा, “भंडारा में ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में हुए विस्फोट में जिनकी मृत्यु हुई है उन्हें मैं श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में जिनकी मृत्यु हुई और जो घायल हुए उसके लिए पूरी तरह से नरेंद्र मोदी सरकार जिम्मेदार है। आज रक्षा क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारी और अधिकारी भी सुरक्षित नहीं हैं, इसलिए हम मांग करते हैं कि इस पूरी व्यवस्था की जांच के लिए एक संयुक्त संसदीय समिति बनाई जाए।”