जनतंत्र डेस्क, बेंगलुरु: कर्नाटक में कांट्रैक्टर संतोष पाटिल की खुदकुशी के मामले में कर्नाटक सरकार में मंत्री केएस ईश्वरप्पा पर केस दर्ज किया गया है। मंत्री ईश्वरप्पा के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने के आरोप में IPC की धारा 306 के तहत केस दर्ज किया गया है।
Karnataka: हिजाब मामले में सुनवाई कर रहे जज पर टिप्पणी को लेकर एक्टर चेतन कुमार अरेस्ट
केएस ईश्वरप्पा कर्नाटक सरकार में ग्रामीण विकास और पंचायत राज मंत्री हैं। मृतक कांट्रैक्टर संतोष के भाई प्रशांत पाटिल की शिकायत पर मंत्री के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले ने खासा तूल पकड़ लिया है। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने इस मामले में जांच का भरोसा देते हुए कहा कि सच्चाई सामने आएगी।
कर्नाटक सीएम ने कहा कि मामले की पूरी जांच की जाएगी और कहा कि वे मामले की जानकारी ले रहे हैं। घटनाक्रम पर विपक्ष भी एक्टिव हो गया है और पूर्व सीएम सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार की अगुवाई में कांग्रेस नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मुलाकात की।
कांग्रेस नेताओं ने मंत्री के. एस. ईश्वरप्पा को हटाने की मांग की है। डीके शिवकुमार ने कहा कि हमने राज्यपाल से केएस ईश्वरप्पा को जल्द बर्खास्त कर गिरफ्तार करने की मांग की है। इसके साथ ही, उनके खिलाफ भ्रष्टाचार का भी केस दर्ज किया जाना चाहिए कि वे ठेकेदार संतोष पाटिल समेत अपने ही लोगों से 40 प्रतिशत कमीशन मांगते हैं।
Karnataka: क्या है पूरा मामला
दरअसल, ठेकेदार संतोष पाटिल के भाई प्रशांत ने ईश्वरप्पा के खिलाफ शिकायत की थी। ठेकेदार संतोष पाटिल ने मंत्री केएस ईश्वरप्पा पर भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। पाटिल के आत्महत्या करने पर मंत्री को जिम्मेदार बताया गया था। संतोष पाटिल हिंदू युवा वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव भी थे। ठेकेदार संतोष पाटिल ने मंगलवार को उडुपी में आत्महत्या कर ली थी।
संतोष पाटिल कुछ दिन पहले लापता हो गए थे और बेलगावी पुलिस ने उनका पता लगाने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया था। उन्होंने अपने दोस्तों को एक संदेश भेजा था जिसमें कहा गया था कि ईश्वरप्पा उनकी मौत के लिए ‘सीधे जिम्मेदार’ होंगे और मंत्री को दंडित किया जाना चाहिए।
PM को भेजा था पत्र
इन सबके बीच कुछ दिन पहले ठेकेदार संतोष पाटिल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखा था कि उन्होंने ईश्वरप्पा के मौखिक निर्देश के आधार पर अपने गांव में सड़कों के निर्माण में 4 करोड़ रुपये का निवेश किया है। उन्होंने मंत्री पर झूठ, भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का आरोप लगाया और पीएम मोदी से ईश्वरप्पा को अपने बिलों का निपटान करने का निर्देश देने का आग्रह किया। मंगलवार को पाटिल का शव उडुपी में मिला। फिलहाल मामले में जांच शुरू हो गई है।
Nitish Kumar News | Bihar CM की सुरक्षा पर बड़ी चूक | Attack On Bihar CM Nitish Kumar | Bihar News |