CM Yogi Adityanath News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने न्यूज एजेंसी के साथ आज विस्तार से कई मुद्दों पर बातचीत की। उन्होंने मथुरा, संभल,औरंगजेब, बुलडोजर एक्शन और मुस्लिमों जैसे कई मुद्दों पर खुलकर बातचीत करते हुए जवाब दिए।
#BreakingNews | यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ
➡️ “जनता जनार्दन के समर्थन को मैं सरकार की उपलब्धि मानता हुं”@myogiadityanath #UttarPradesh #UPCM @PMOIndia @BJP4India #jantantratv #JTV #BreakingNews #UPDATE #Trending pic.twitter.com/nCyger7HAF
— Jantantra Tv (@JantantraTv) March 26, 2025
मुसलमानों की सुरक्षा पर बोले सीएम योगी
CM योगी आदित्यनाथ ने राज्य में मुसलमानों की सुरक्षा पर कहा “100 हिंदू परिवारों के बीच रहने वाला एक मुस्लिम परिवार सुरक्षित है। उसे अपने सभी धार्मिक कार्य करने की स्वतंत्रता है। लेकिन क्या 100 मुस्लिम परिवारों के बीच अगर 50 हिंदू परिवार भी रहते हैं, तो क्या वे सुरक्षित हो सकते हैं? नहीं रह सकते। बांग्लादेश, पाकिस्तान, अफगानिस्तान आपके सामने उदाहरण हैं। उत्तर प्रदेश में मुसलमान सबसे ज्यादा सुरक्षित हैं। अगर हिंदू सुरक्षित हैं, तो वे भी सुरक्षित हैं। अगर 2017 से पहले यूपी में दंगे होते थे, तो अगर हिंदुओं की दुकानें भी जलती थीं, तो मुसलमानों की दुकानें भी जलती थीं। 2017 के बाद दंगे बंद हो गए। अब अगर हिंदू सुरक्षित हैं, तो मुसलमान भी सुरक्षित हैं। ”
ओवैसी के बयान पर सीएम योगी ने दिया जवाब
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के ‘मुसलमान खतरे में हैं’ वाले बयान पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “मुसलमान खतरे में नहीं हैं। इनकी वोट बैंक की राजनीति खतरे में है। जिस दिन भारतीय मुसलमान अपने पूर्वजों को समझ लेंगे, इन सभी को बोरिया-बिस्तर बांधकर भागना पड़ेगा। भारतीय मुसलमानों को याद रखना होगा कि वे तभी सुरक्षित हैं, जब हिंदू और हिंदू परंपरा सुरक्षित है। 1947 से पहले पाकिस्तान और बांग्लादेश भारत का हिस्सा थे। हम उस सच्चाई को कैसे भूल सकते हैं? क्या पाकिस्तान में हमारी हिंगलाज माता का मंदिर नहीं है? क्या बांग्लादेश में माता ढाकेश्वरी का मंदिर नहीं है?”
अखिलेश यादव के तंज पर बोले सीएम योगी
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के ‘डबल इंजन एक दूसरे को नमस्ते तक नहीं करते’ वाले बयान पर उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ ने कहा, “ये उनके संस्कार हैं। हम अपनी विरासत, अपने मौजूदा नेतृत्व और अपने पूर्वजों का भी सम्मान करते हैं। लेकिन जिनके आदर्श औरंगजेब हैं, उनका आचरण भी उसी प्रकार का जरूर होगा। औरंगजेब उनके आदर्श हैं, क्योंकि वो औरंगजेब का महिमामंडन कर रहे हैं। मुंबई से लेकर लखनऊ तक उनके नेता औरंगजेब का महिमामंडन कर रहे हैं। हम राम, कृष्ण, शिव को आदर्श मानते हैं, उनकी पूजा करते हैं। उनकी कृपया से उनके अच्छे गुण भी हमारे अंदर समाहित होते हैं। जो औरंगजेब और बाबर को अपना आदर्श मानता होगा, वो गुण भी उनमें देखने को मिलेंगे।”
राणा सांगा वाले बयान पर बोले सीएम योगी
समाजवादी पार्टी के नेता के राणा सांगा वाले बयान पर उत्तर प्रदेश CM योगी आदित्यनाथ ने कहा, “क्या इतिहास सिर्फ यही लोग जानते हैं जो जिन्ना का महिमामंडन करते हैं? ये वही लोग हैं जो बाबर, औरंगजेब और जिन्ना का महिमामंडन करते हैं। देश, भारत की विरासत और भारत के महापुरुषों के प्रति इनके भाव क्या होंगे, इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है। इन्हें पलटी मारने में देर नहीं लगेगी। ये लोग महाराणा प्रताप, राणा सांगा, छत्रपति शिवाजी महाराज और गुरु गोविंद सिंह के बारे में क्या जानते हैं? औरंगजेब और बाबर की पूजा करने वाले और जिन्ना को अपना आदर्श मानने वालों से इसकी उम्मीद नहीं की जा सकती।”
संभल पर सीएम योगी का बयान
संभल में चल रहे खुदाई कार्य पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा, “संभल में 54 तीर्थ स्थलों की पहचान हो गई है। जितने भी होंगे, सब ढूंढेंगे, सब निकालेंगे और दुनिया को बोलेंगे कि आकर देखें कि संभल में क्या हुआ था। संभल एक सच्चाई है। इस्लाम कहता है कि अगर आप हिंदू मंदिर या हिंदू घर को तोड़कर बनाई कोई भी इबादत ग्रह ख़ुदा को स्वीकार नहीं है।”
मथुरा मस्जिद विवाद पर बोले सीएम योगी
मथुरा मस्जिद विवाद पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “मथुरा की बात क्यों नहीं उठाऊं? क्या मथुरा श्री कृष्ण की जन्मभूमि नहीं है? हम कोर्ट के आदेश का पालन कर रहे हैं वरना वहां बहुत कुछ हो गया होता। सनातन हिंदू धर्म के सभी महत्वपूर्ण स्थान हमारी विरासत के प्रतीक हैं।”
मस्जिदों पर तिरपाल लगाने पर योगी का बयान
संभल में मस्जिदों पर तिरपाल लगाने के बारे में पूछे जाने पर उत्तर प्रदेश CM योगी आदित्यनाथ ने कहा, “मुहर्रम में जुलूस निकलते हैं। क्या उनके झंडे की छाया किसी हिंदू घर या मंदिर के पास नहीं पड़ती? क्या इससे हिंदू घर अपवित्र हो जाता है? सख्त निर्देश हैं कि जो नहीं चाहता उस पर रंग न डाला जाए।क्या मुस्लिम लोग रंगीन कपड़े नहीं पहनते? फिर रंग से परहेज क्यों? ये दोहरा आचरण क्यों?”
महाकुंभ पर सीएम योगी ने दी जानकारी
महाकुंभ में मुसलमानों के भाग लेने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “कुंभ उन सभी के लिए है जो खुद को भारतीय मानते हैं। मैंने कहा कि जो भारतीय बनकर आएगा उसका स्वागत है। लेकिन अगर कोई नकारात्मक मानसिकता के साथ आएगा, तो यह स्वीकार्य नहीं है। महाकुंभ के दौरान हमने सीसीटीवी कैमरे लगाए थे। हमने एआई टूल्स का उपयोग करके हेड काउंटिंग की। हमने यह भी सुनिश्चित किया कि 24 घंटे में एक व्यक्ति का चेहरा दूसरी बार न गिना जाए। फेस रिकग्निशन और हेड काउंटिंग की व्यवस्था थी। हर 24 घंटे के बाद फाइनल डेटा तैयार किया जाता था। उसके लिए हमने एक इंटीग्रेटेड सेंटर तैयार किया, जिसके माध्यम से इन सभी चीजों पर नजर रखी गई। महाकुंभ के दौरान 66.3 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने वहां आकर स्नान किया है।”
महाकुंभ पर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों की टिप्पणियों पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “उनके कई नेता, मंत्री, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री आए। यह भाजपा का कार्यक्रम नहीं था। केंद्र सरकार और राज्य सरकार मिलकर लोगों का ध्यान रख रही है, आस्था का सम्मान कर रही है। 1947 से 2014 तक कांग्रेस ज्यादातर समय सत्ता में रही, उन्होंने इस दौरान ऐसा क्यों नहीं किया?PM मोदी ने 2019 में प्रयागराज के कुंभ को यूनेस्को की सांस्कृतिक धरोहर के रूप में मान्यता दिलाई।”
ममता बनर्जी के “मृत्यु कुंभ” वाले बयान पर सीएम योगी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के “मृत्यु कुंभ” वाले बयान पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “13 जनवरी से 26 फरवरी तक 50,000 से 1 लाख श्रद्धालु प्रतिदिन पश्चिम बंगाल से प्रयागराज आता था। पश्चिम बंगाल की सरकार इस भीड़ को देखकर घबरा गई। चाहे वह पश्चिम बंगाल सरकार हो, कांग्रेस हो, आरजेडी हो या समाजवादी पार्टी हो, उन्होंने महाकुंभ के बारे में जो कुछ भी कहा है, वह उनकी तुष्टिकरण की राजनीति का उदाहरण है और भारत की आस्था अपमान करने का उदाहरण है। लेकिन यह ‘मृत्युंजय महाकुंभ’ था।”
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर सीएम योगी का बयान
लोकसभा नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “इनका ‘भारत जोड़ो’ ‘भारत तोड़ो अभियान’ का हिस्सा है। अगर वे दक्षिण में जाएंगे, तो उत्तर भारत की निंदा करेंगे। उत्तर में आएंगे, तो दक्षिण की निंदा करेंगे। अगर वे भारत के बाहर जाएंगे, तो भारत की निंदा करेंगे। इनके आचरण को देश समझ चुका है। लेकिन भारत की राजनीति में भाजपा के लिए राहुल गांधी जैसे कुछ नमूने जरूर रहने चाहिए जिससे एक रास्ता हमेशा के लिए साफ होता रहे।”